नमस्ते दोस्तों, कैसे हो आप? जैसे जैसे हमारी उम्र ढलती है, वैसे वैसे हमारे मसल्स कमजोर होते जाते हैं। उसी के साथ, हमें मांसपेशियों में दर्द महसूस होने लगता हैं। हमारे शरीर का हर एक अंग हमारे उपयोग में आता है। लेकिन, हम सबसे ज्यादा हाथों का उपयोग करते हैं। इसीलिए, हाथों की मांसपेशियों में ऐंठन होने की वजह से हमारे अंगूठे में दर्द होना शुरू हो जाता है। अंगूठे में दर्द होने से काम करने में काफी परेशानी महसूस होती है। वैसे तो यह मांसपेशियों में ऐंठन या अंदरूनी चोट की वजह से हो सकता है। इसी के साथ, कुछ अन्य कारण भी होते हैं; जिनके बारे में हम विस्तार से चर्चा करने वाले हैं। और आपको अंगूठे में दर्द के घरेलू उपाय बताने वाले है।
वैसे तो अंगूठे में दर्द होना काफी आम बात है। अगर आप कोई ऐसा काम करते हैं जिससे बार-बार अंगूठे पर दबाव पड़ता है, तो उससे भी आपके अंगूठे में दर्द होता है। कभी-कभी हम कुछ भारी चीज उठा लेते हैं, तो उससे भी हमारे मांसपेशियों में ऐंठन हो जाती है और अंगूठे में दर्द शुरू हो जाता है। अगर आपके अंगूठे में हल्का सा दर्द हो रहा हो और उसका कोई गंभीर कारण ना हो, तो आप कुछ घरेलू इलाज अपना सकते हैं। अंगूठे के दर्द का इलाज उनकी अंदरूनी चोट की तीव्रता के अनुसार होता है। अंगूठे में तीव्र दर्द होने की परिस्थिति में कभी-कभी आपको डॉक्टर की भी जरूरत पड़ती है। तो दोस्तों, आज जानेंगे अंगूठे में दर्द के कारण, लक्षण तथा उसके लिए कुछ घरेलू उपचार पद्धति।
अंगूठे में दर्द के कारण
अंगूठे में दर्द होना, यह सामान्य बात होती है। वैसे देखा जाए, तो अंगूठे में दर्द के कई कारण हो सकते हैं। लेकिन, सबसे प्रमुख कारण होता है गठिया याने अर्थराइटिस। यह एक ऐसी बीमारी है, जिसकी वजह से आपके मांसपेशियों में सूजन, जोड़ों में दर्द तथा सूजन होता है। अगर आपके अंगूठे में लंबे समय से दर्द तथा सूजन हो रही हो, तो यह गठिया का संकेत हो सकते हैं। इसी के साथ, ऐसी कई अन्य स्वास्थ्य संबंधित समस्याएं होती है; जिनकी वजह से आपके अंगूठे में दर्द होने लगता है।
कोई काम करते समय अगर आपके अंगूठे में चोट लग जाए या मोच आ जाए, तो उससे भी आपके अंगूठे में दर्द हो सकता है। आजकल हर काम हम लैपटॉप पर करते हैं। ऐसा कई बार होता है, कि अंगूठे का ज्यादा इस्तेमाल करने से भी हमारे अंगूठे में दर्द होता है। कार्पल टनल सिंड्रोम जैसी बीमारियों में भी अंगूठे के जोड़ों में और अंगूठे में दर्द होना स्वाभाविक होता है।
अंगूठे में दर्द के लक्षण
अंगूठे के जोड़ों में या अंगूठे में दबाव, सूजन या जलन संबंधी कोई दर्द महसूस होना; अंगूठे के दर्द का एक आम लक्षण होता है।
- अंगूठे की जोड़ की हड्डी बढ़ना या उसके आकार में बदलाव आना।
- अंगूठे में सूजन तथा जकड़न महसूस होना।
- किसी भी चीज को उठाते समय अंगूठे में दर्द होना और अंगूठे से दबाव देने की क्षमता में कमी आना।
- अंगूठे को छूते ही दर्द महसूस होना और अंगूठे को हिलाते समय तकलीफ होना।
इन्हीं लक्षणों के साथ में कुछ अन्य लक्षण भी दिखाई देते हैं, जो अंगूठे पर लगे अंदरूनी चोट और समस्याओं पर निर्भर होते हैं।
अंगूठे के दर्द के घरेलू उपाय
अगर आपके अंगूठे में हल्का सा दर्द महसूस हो रहा हो, तो आप कुछ घरेलू इलाज अपना सकते हैं।
- हल्दी- हल्दी को हीलिंग करने के लिए यानी चोट को भरने के लिए काफी पुराने जमाने से इस्तेमाल करते आ रहे हैं। आप अंगूठे के दर्द के इलाज के लिए हल्दी का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए एक कप दूध गर्म करने के लिए रख दें और उसमें थोड़ी सी हल्दी डाल दे। दूध को थोड़ा उबलने दें और उसके बाद हल्का गुनगुना होने दे। इस हल्दीवाले दूध को आप रोजाना पिए। इससे आपकी सेहत को काफी आराम मिलेगा तथा हल्दी की वजह से आपकी अंगूठे की चोट उबरने में काफी मदद मिलती है।
- ठंडी सिकाई- एक कपड़े में बर्फ के टुकड़े रख दें और प्रभावित हिस्से पर १०-१५ मिनट तक सिकाई करें। इसका प्रयोग दिन में ३-४ बार करे। इससे अंगूठे में आई सूजन कम होती है और दर्द भी ठीक होता है।
- गर्म पानी से सिकाई- गर्म पानी से सिकाई करने से हमारी मांसपेशियों में हो रहे दर्द तथा ऐंठन ठीक हो जाते हैं। गर्म पानी से सिकाई करने के बाद हमारा रक्त प्रवाह बेहतर हो जाता है। एक पतेले में पानी गर्म कर लें और उसमें एक छोटा रुमाल डालकर निचोड़ लें। अब इस रुमाल को प्रभावित अंगूठे पर १५ मिनट के लिए लपेट लें। इस प्रयोग से आपके अंगूठे में दर्द को काफी राहत मिलेगी।
- अंगूठे पर ना डाले दबाव- अगर रोजाना आप कुछ ऐसा काम करते हैं, जिससे आपके अंगूठे पर दबाव आता है; जैसे स्केचिंग,राइटिंग, टाइपिंग, पेंटिंग; तो ऐसा काम करना आप कुछ दिनों के लिए कम कर दे या बंद कर दे। इससे आपके अंगूठे पर कम दबाव महसूस होता है और उसकी चोट उबरने में वक्त मिलता है और वह जल्द ही ठीक हो जाता है।
- सेंधा नमक- अंगूठे के दर्द को ठीक करने के लिए आप सेंधा नमक का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए आपको एक पतीले में गर्म पानी लेना है और उसमें सेंधा नमक डालना है। उसके बाद अपने प्रभावित अंगूठे को इसमें १०-१५ मिनट के लिए डुबोकर रखना है। इस प्रयोग से आपके अंगूठे पर आई सूजन कम होने में मदद मिलती है और अंगूठे का दर्द कम हो जाता है।
- अन्य उपाय- इन्ही घरेलू उपचारों के साथ आप अपना आहार संतुलित रखें। अपने आहार में आप कैल्शियम युक्त पदार्थों का अधिक सेवन करें, जिससे कि आपको हड्डियों की तकलीफ कम होगी। इसी के साथ, आप रोज एक्सरसाइज करें और उसमें हाथों की स्ट्रैचिंग हो ऐसे एक्सरसाइज का समावेश करें। इसी के साथ, अंगूठे में दर्द होने पर भारी वजन वाली चीजें उठाना कुछ देर के लिए बंद कर दें।

डॉक्टर की सलाह
अगर घरेलू उपचारों के बाद भी आपके अंगूठे में दर्द रहता है, तो आप तुरंत अपने डॉक्टर से संपर्क करें। डॉक्टर दर्द के कारण अनुसार आप का इलाज शुरू कर देते हैं। सबसे पहले तो डॉक्टर आपको कुछ पेन किलर देंगे और कुछ एनाल्जेसिक क्रीम्स देंगे; जिससे आपको जल्दी ही राहत मिल जाती है।
इसी के साथ, डॉक्टर आपको फिजियोथेरेपिस्ट की सलाह पर एक्सरसाइज करने की सलाह देते हैं। इस एक्सरसाइज से मांसपेशियों में आई ऐंठन तथा सूजन कम होने में मदद मिलती है। अंगूठे में दर्द से बहुत कम मरीजों को अंगूठे के सर्जरी की जरूरत पड़ती है।
तो दोस्तों, आज के लिए बस इतना ही। उम्मीद है, आपको आज का यह ब्लॉग अंगूठे में दर्द के घरेलू उपाय अच्छा लगा हो। धन्यवाद।